बालू लदे सीज ट्रक को लेकर चालक, मालिक फरार
पडरौना/तमकुहीराज। शुक्रवार की रात एडीएम देवीदयाल और एएसपी रितेश कुमार सिंह की अगुवाई में बालू लदे 13 ट्रक को सीज किया गया। इसमें सिपाही के सामने ही एक ट्रक मालिक और ड्राइवर जबरन वाहन लेकर फरार हो गए, जिन पर केस दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
शुक्रवार की देर रात एडीएम और एएसपी की अगुवाई में एसडीएम तमकुहीराज व्यास नारायण उमराव, एसडीएम कसया गोपाल शर्मा, एसडीएम हाटा वरुण कुमार, सीओ जितेंद्र सिंह कालरा पुलिस टीम के साथ बालू का अवैध करोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए हाईवे पर जांच के लिए पहुंचे। टीम ने बिहार सीमा से लेकर गोरखपुर सीमा तक कुशीनगर जनपद में सघन जांच की।
इस दौरान ओवरलोडिंग पाए जाने पर 13 ट्रकों को पुलिस-प्रशासन की टीम ने सीज किया, जिनको तमकुहीराज पुलिस ने कब्जे में ले लिया। सीज किए गए सभी वाहनों को माधोपुर पेट्रोल पंप परिसर में खड़ा कराकर एक-एक सिपाही की ड्यूटी निगरानी में लगा दी गई। इस दौरान एक ट्रक मालिक अपने ड्राइवर के साथ पहुंचा। वह जबरन सिपाही के सामने से अपना ट्रक लेकर फरार हो गया। जानकारी होने पर पुलिस ने ट्रक के मालिक, चालक और खलासी पर मुकदमा दर्ज किया।
हाइवे पर बेअसर कार्रवाई, आराम से गुजर रहे बालू लदे ट्रक
फोरलेन हाईवे पर बिहार से लेकर गोरखपुर तक बालू लादकर ट्रक आराम से चल रहे हैं। ओवरलोडेड ट्रकों की रोकथाम के लिए चल रहे अभियान का कोई असर इन पर नहीं पड़ रहा है। एक माह पूर्व बालू लदे आठ ट्रक पकड़े गए थे। इस दौरान बालू के अवैध कारोबार पर रोकथाम लगने का दावा पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने किया था। शुक्रवार की रात दोबारा बालू लदे ट्रक बरामद किए गए। बताया जाता है कि बिहार प्रांत से प्रतिदिन बालू लेकर ओवरलोड और बिना वैध कागजात के ट्रक हाईवे से गुजरते हैं। कार्रवाई के बाद एक-दो दिनों तक असर नजर आता है। बाद में सब कुछ सामान्य हो जाता है।
बालू लादकर आने वाले ट्रकों की जांच जारी रहेगी। इस दौरान जो लोग वैध कागजात दिखाएंगे, उनके ट्रक छोड़ दिए जाएंगे। ओवर लोडिंग और अवैध बालू लदे होने पर कार्रवाई की जाएगी।
- देवी दयाल वर्मा, एडीएम