पकड़ियार बाजार। ढोलहा चौराहे पर जाम लगने से नाराज बरातियों की पिटाई कर बस में तोड़फोड़ करने वाले युवकों के खिलाफ बस चालक ने शुक्रवार को तहरीर दी। घटना की रात पहुंची पुलिस ने मामला शांत करा बरातियों को भेज दिया था। मारपीट करने वाले युवक ढोलहा चौराहा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जटहा बाजार निवासी बस मालिक राजेश्वर ने चोटिल चालक का इलाज कराने के बाद शुक्रवार को नेबुआ नौरंगिया थाना पर पहुंचा। पुलिस को शिकायत पत्र देकर कहा है कि गांव के जयप्रकाश रौनियार के बेटे रवि रौनियार की बुधवार की रात बारात महराजगंज जिले के रामपुर बलडीहा जा रही थी। बरात में बस का बुक था। बरातियों को लेकर वह घर से निकले थे और ढोलहा चौराहा पर रात करीब 9.30 बजे पहुंचे थे कि पुल के दोनों तरफ बाइकें खड़ी थी। इसकी वजह से जाम लग गया। बस को साइड में कर रहे थे कि कुछ युवक आए और जाम लगाने का आरोप लगाते हुए पिटाई करने लगे। चालक का पिटाई होता देख बस में सवार लोगों ने विरोध किया तो युवकों ने मारा-पीटा और बस का शीशा तोड़ दिया। बस चालक ने पुलिस को नामजद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।