खड्डा(कुशीनगर)। पिकअप से मुर्गा लेकर बिहार के बगहा जा रहे चालक और सहयोगी को बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश असलहा लहराते भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को नजदीकी अस्पताल लेकर गई। हालत गंभीर बताकर डॉक्टर ने बेतिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। घटना की वजह व्यावसायिक रंजिश बताई जा रही है।
आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज निवासी मोहम्मद यासीर (24) और राजू (26) पिकअप से मुर्गा लेकर कुशीनगर के रास्ते बगहा जा रहे थे। बगहा के चौतरवा थाना क्षेत्र के परसौनी चौक के पास करीब दो बजे हाईवे पर पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर पिकअप को रोका और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। दिनदहाड़े फायरिंग से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। राजू की गर्दन और यासीर की बाईं बाह में गोली लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी लौरिया लेकर पहुंची। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने बेतिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दोनों युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस की मानें तो मुर्गा व्यवसायियों के बीच आपसी रंजिश को लेकर बाइक सवार युवकों ने गोली मारी है। पुलिस परसौनी और हाईवे किनारे दुकान व मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर रही है। देर शाम तक पुलिस बदमाशों की पहचान नहीं कर सकी है। बगहा के डीएसपी कुमार देवेंद्र का कहना है कि दोनों घायलों को बेतिया मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में मुर्गा व्यवसायियों के बीच व्यवसाय को लेकर आपसी विवाद सामने आ रहा है।