पडरौना। लोकसभा चुनाव को लेकर अफसरों की सक्रियता बढ़ गई है। सकुशल चुनाव कराने के लिए अफसर छोटी-छोटी बिंदुओं पर नजर रख रहे हैं। सोमवार को सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव शहर के कई बूथों का निरीक्षण कर मतदान को लेकर बूथों पर उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया। कई बूथों पर कमियां मिली जिसे ठीक करने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिया।
सदर एसडीएम, सदर लेखपाल योगेंद्र गुप्ता के साथ नगर के कार्यालय बंदोबस्त अधिकारी छावनी में बने बूथ संख्या 286, 28, प्राथमिक विद्यालय छवानी में बने बूथ संख्या 283, 284, 285, गोस्वामी तुलसी दास इंटर कॉलेज में बने बूथ संख्या 277, 278, 279, 280, 281 व 282, प्राथमिक विद्यालय भरवलिया में बने बूथ संख्या 228, प्राथमिक विद्यालय केवल छपरा में बने बूथ संख्या 227 और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पडरौना में बूथ संख्या 250, 251 व 252 बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी बूथों पर पानी, बिजली, शौचालय समेत चुनाव आयोग की तरफ से निर्धारित मानकों की जांच किया। अधिकांश बूथों पर पेयजल, साफ, सफाई और बिजली की व्यवस्था गड़बड़ मिली। कुछ बूथों पर शौचालय भी बंद मिले। चुनाव से पहले इसे ठीक कराने के लिए बीएसए को निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि बूथों की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। इसकी रिपोर्टिंग प्रतिदिन हो रही है। इसमें लापरवाही बरतने वाले मातहतों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।