कसया। नगर पालिका क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का हल जल्द हो जाएगा। कुशीनगर विधायक की लिखित मांग पर प्रदेश सरकार ने पक्की नाली के निर्माण के लिए 2.90 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया है। इससे नगर पालिका परिषद क्षेत्र के वार्डों में जल निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण कराया जाएगा।
विधायक पीएन पाठक ने कुशीनगर नगर पालिका परिषद में होने वाले जलभराव से निजात के लिए पक्की नाली निर्माण कार्य कराने के लिए शासन से पत्र लिखकर धन की मांग की थी। शासन ने इसके लिए 2 करोड़ 90 लाख 93 रुपए स्वीकृति कर दिया है। अब नगर पालिका परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जलनिकासी व्यवस्था को सुधारने में मदद मिलेगी। विधायक पीएन पाठक ने कहा कि मेरा प्रयास है कि पूरे विधान सभा क्षेत्र में जलनिकासी का इंतजाम बरसात के पहले कर लिया जाए। हर गली मुहल्ले में जल निकासी के लिए पक्की नाली निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। आने वाले समय में हर ग्राम सभा में जल निकासी व्यवस्था ठीक हो जाएगी।