पति सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज
ससुरालियों ने कहा-मामला आत्महत्या का है
जटहा बाजार। जटहा थाना क्षेत्र के पखनहा गांव में रविवार रात हुई महिला की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठी है। महिला के ससुरालियों ने पुलिस अधिकारियों से प्रकरण की जांच करके कार्रवाई की गुहार लगाई है। 18 दिसंबर की रात पखनहा निवासी अतुल कुशवाहा की पत्नी अंजली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
महिला की मौत होने के बाद उसके भाई मुकेश ने पुलिस को तहरीर देकर बहनोई अतुल सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बहन की हत्या का आरोप लगाया है। मुकेश का आरोप है कि शादी के दो साल बाद भी दो लाख रुपये, चार पहिया गाड़ी, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर उसकी बहन का ससुराल में उत्पीड़न किया जाता था। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि अतुल के गांव के लोगों ने पुलिस को बताया है कि अंजली पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। इसलिए गांव के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में एसओ राजकुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।