कप्तानगंज/गुरवलिया बाजार। आगलगी की घटनाओं में रसोई गैस सिलिंडर विस्फोट को देखते हुए बेसिक सेफ्टी चेक अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शनिवार को कप्तानगंज कस्बे में उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया।
कप्तानगंज इंडेन गैस सर्विस के अनुपम सिंह ने बताया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड कंपनी के निर्देश पर अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिलिवरी मैन की ओर से उपभोक्ताओं के घर का सिलेंडर, चूल्हा, गैस पाइप और रेगुलेटर की जांच की जा रही है। गैस कनेक्शन का पाइप अगर पांच वर्ष पुराना है तो डिलीवरी मैन उसे बदल देंगे। इसके लिए ग्राहकों को 150 रुपये देना होगा। जबकि यह पाइप सामान्य दिनों में 190 रुपये में मिलता है। उन्होंने कहा कि सामान्य रूप से किचन में एलपीजी गैस सिलिंडर से छोटी-मोटी घटनाएं होती रहती हैं और घर में काम करने वाली महिलाओं को पूरी जानकारी नहीं होती है। इस अभियान में सुरक्षा को लेकर सभी जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। ग्राहक के किसी गैस कनेक्शन में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है तो एजेंसी या व्हाट्सएप के माध्यम से स्वयं ही वह अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ता गैस लीकेज की आशंका में तत्काल 1906 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। कॉल करने के दो घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान हो जाएगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार की कोई असुविधा होती है तो उपभोक्ता ऑनलाइन अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने देवपोखर, सोंदिया बुजुर्ग, सपहां, गांगीटीकर, बिजेधरा, लवकुश, श्रीरामपट्टी, बेलवा आदि गांवों में घर-घर जाकर गैस सिलिंडर का प्रयोग करते समय विशेष सतर्कता बरतने की जानकारी दी। एजेंसी के भोलानाथ सिंह ने बताया कि गैस सिलिंडर लेने से पहले डिलिवरी मैन से लीकेज की जांच जरूर करा लें। रिसाव के जांच करने के लिए माचिस का प्रयोग न करें। उपयोग के बाद रेगुलेटर को बंद करें।