संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। कस्बे के कनोडिया इंटर कॉलेज के पास सड़क दुर्घटना में सोमली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अटेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले सोमली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अटेश कुमार मंगलवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। वह मंगलवार की शाम करीब छह बजे अपनी बाइक से कस्बे से बोदरवार की तरफ जा रहे थे। कनोडिया इंटर कॉलेज के आगे सड़क में बने गड्ढे से बचने के चक्कर में आगे से आ रही बोलेरो से टकरा गए। इससे बोलरो का पहिया फट गया। आस पास के लोगों ने घायल डॉक्टर को कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उनके सिर, पैर और हाथ में गंभीर चोट लगी है। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।