गुरवलिया बाजार। विद्युत वितरण खंड कसया के अधिशासी अभियंता आरके सिंह दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा के मद्देनजर दिशा निर्देश जारी किया है। उन्होंने कटिया न जोड़ने और अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन की सलाह दी है।
उक्त प्रेस विज्ञप्ति में लिखा गया है कि पांडाल की स्थापना एचटी व एलटी लाइन के तारों के नीचे, विद्युत परिवर्तक या पोल समीप न करें। पंडाल में लाइट एवं सजावट का कार्य अनुभवी व लाइसेंसी ठेकेदार से ही कराएं। सुरक्षा की दृष्टि से उचित क्षमता का फ्यूज व एमसीवी अवश्य लगवाएं। लाइट के लिए आईएसआई मार्क वाले उचित क्षमता के केबल का प्रयोग करें। पंडाल में विद्युत उपकरणों की अर्थिंग कराना सुनिश्चित करें। विद्युत तार कहीं भी टूटे न हों तथा ज्वाइंट पर अच्छी क्वालिटी का टेप लगाना सुनिश्चित करें। कोई भी केबल लोहे के पाइप से सटा न हो। यथासंभव हैलोजन लाइट का प्रयोग न करें। एलईडी बल्ब का प्रयोग करें। एसडीओ चंदन सिंह व गुरवलिया उपकेंद्र के जेई योगेश गुप्ता ने बताया कि दुर्गा पूजा पंडाल जिस क्षेत्र में हो उस उपकेंद्र के जेई का नंबर अवश्य रखें, जिससे विषम परिस्थिति में संपर्क किया जा सके।