पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग, व्यापार एवं श्रम बंधु की बैठक हुई। डीएम ने उद्यमियों, व्यापारियों और श्रमिकों की समस्याएं सुनीं और उसके निस्तारण की हिदायत दी। स्वरोजगार परक योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीएम उमेश मिश्र ने उद्योग की तरफ से संचालित स्वरोजगारपरक योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं ओडीओपी योजना की प्रगति समीक्षा की। योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक एवं बैंकर्स के साथ मिलकर उपायुक्त उद्योग को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम ने इन्वेस्टर समिट के निवेशकों की समस्याओं पर चर्चा की और समस्याओं के निराकरण पर जोर दिया। बैठक में ओडीओपी टूल किट प्रशिक्षण योजना में अभ्यर्थियों को वितरित किए जाने वाले टूल किट में चरखा व धागा लपेटन के स्थान पर उपयोगी रेशा बुनाई मशीन को शामिल करने का प्रस्ताव पर चर्चा की। डीएम ने नवीन रेशा बुनाई मशीन को शामिल करने की स्वीकृति दी। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, सहायक श्रमायुक्त विजय यादव, सहायक पर्यटन अधिकारी प्राण रंजन, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सचिन चौरसिया आदि मौजूद रहे।