सभी धर्मस्थलों में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए डीएम-एसपी ने की बैठक धार्मिक स्थलों में जाने से पहले सैनीटाइजर के इस्तेमाल पर जोर संवाद न्यूज़ एजेंसी पडरौना। सोमवार को सभी थर्मस्थलों के कपाट खुल जाने और वहां होने वाली भीड़ को देखते हुए डीएम और एसपी ने जनपद मुख्यालय पर सभी एसडीएम और सीओ के साथ बैठक की। उन्होंने मास्क एवं सैनीटाइजर के उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि भारत सरकार के निर्देश पर सोमवार को सभी धर्मस्थल दर्शन-पूजन के लिए खोल दिए गए हैं, लेकिन कोरोना के संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। इसलिए वहां भीड़ को नियंत्रित रखते हुए पूजा-पाठ की इजाजत देनी है। वहां हर श्रद्धालु से मास्क एवं सैनीटाइजर का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना है। तभी कोरोना का संक्रमण बढ़ने से रोका जा सकता है। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि धार्मिक/पूजा स्थलों के प्रवेश द्वार पर ही सैनीटाइजर का प्रयोग कराया जाए एवं यथासंभव इंफ्रारेड थर्मामीटर की भी व्यवस्था की जाए। सभी प्रवेश करने वाले लोग फेस कवर/ मॉस्क अवश्य पहने हुए हों। सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्णतया पालन किया जाए तथा धार्मिक/पूजा स्थलों पर माइक द्वारा श्रद्धालुओं को थोड़े थोड़े समूह में प्रवेश करने व अनावश्यक रूप से भीड़ न लगने की अपील की जाए। धार्मिक/पूजा स्थलों पर लाइन में लगे श्रद्धालुओं के बीच की दूरी कम से कम 6 फीट की होनी चाहिए। धार्मिक/पूजा स्थलों में प्रतिरूप/मूर्तियों/पवित्र ग्रंथों आदि को किसी भी श्रद्धालुओं को स्पर्श ना करने दिया जाए। धार्मिक स्थल परिसर के अंदर व बाहर साफ सफाई रखी जाए तथा लोगो को कोरोना वायरस के सम्बन्ध में जागरूक करने के लिए धार्मिक/पूजा स्थलों के बाहर पोस्ट चस्पा किया जाए। इसके साथ ही साथ यह भी बताया जाए कि यदि किसी के द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में सभी एसडीएम और सीओ के साथ अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।