पडरौना। तमकुहीराज में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में अनुपस्थित छह अधिकारियों से डीएम ने तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। अनुपस्थित अधिकारियों में अधिशासी अभियंता, बाढ़ खंड, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, बीडीओ दुदही, सहायक निदेशक मत्स्य तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत दुदही शामिल हैं। डीएम ने स्पष्ट किया कि तहसील समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है, जिसका उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण उनके विभाग से जुड़े प्रार्थना पत्रों का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तहसील समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने के संबंध में अपना स्पष्टीकरण तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। संवाद