पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिले के टीबी मुक्त छह ग्राम पंचायतों के प्रधानों को डीएम ने कांस्य प्रतिमा व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ग्राम प्रधानों के कार्याें की सराहना की और जिले को टीबी मुक्त बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।
डीएम विशाल भारद्वाज ने सम्मानित हो रहे ग्राम प्रधान का दायित्व और भी बढ़ गया है। व्यक्ति टीबी के लक्षण वाले दिखें, उनकी जांच एवं उपचार नजदीकी सरकारी अस्पतालों में कराएं। प्रयास करें कि ग्राम पंचायत लगातार टीबी मुक्त रहे ताकि आगे भी सम्मानित होते रहें।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने कहा कि जिले में चल रहे टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में कार्यरत सभी कर्मियों का सहयोग सराहनीय है। आज उन्हीं के कार्यों की बदौलत जिले के छह गांवों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत-2023 घोषित कर वहां के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसएन त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की को याद करते हुए उनकी ओर से कही गई युक्ति, रोग से घृणा करो, रोगी से नहीं, को आत्मसात कर टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में सहयोग करें।
कार्यक्रम को जिला कार्यक्रम समन्वयक अनुपम मिश्र ने भी संबोधित किया। संचालन वरिष्ठ क्षय रोग पर्यवेक्षक आशुतोष कुमार मिश्र ने किया। एसटीएलएस विशाल जयसवाल ने आभार जताया। इस दौरान पीपीएम नितेश राय, एसटीएस विवेक यादव, अमित वर्मा, धनंजय पांडेय, एसटीएलएस खुर्शीद आलम, अविनाश गुप्ता, राजा, प्रभु, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।
0
ये ग्राम प्रधान हुए सम्मानित
विशुनपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बाबूराम की प्रधान इंद्रावती देवी, भुजौली ग्राम प्रधान विनय कुमार शुक्ल, पडरौना ब्लॉक के बहादुरगंज के ग्राम प्रधान भोला यादव, कप्तानगंज ब्लॉक के देउरवा के ग्राम प्रधान जयसिंह एवं कोटवा के ग्राम प्रधान संगम प्रसाद, सेवरही ब्लॉक के बनवरिया के ग्राम प्रधान अलकेंद्र यादव को डीएम ने सम्मानित किया।