संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे डीएम अपनी गाड़ी से कार्यालय जा रहे थे। अभी उनकी गाड़ी कार्यालय की गेट पर पहुंची ही थी कि वह एक दिव्यांग बुजुर्ग को देखकर गाड़ी से उतर गए। उन्होंने दिव्यांग से यहां आने का कारण पूजा तो उन्होंने डीएम से मिलने की बात बताई। इस पर उन्होंने वहीं पर दिव्यांग की शिकायत सुनी और उसके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया।
डीएम उमेश मिश्रा बृहस्पतिवार की सुबह दस बजे जनसुनवाई के लिए कार्यालय जा रहे थे। अभी वे कार्यालय की गेट पर पहुंचे ही थे कि उनकी नजर कसया तहसील के जौरा बाजार गांव के कनौरा निवासी दिव्यांग बद्री पर पड़ी। उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकवाई और वाहन से निकलकर दिव्यांग बुजुर्ग के पास जाकर यहां आने का कारण पूछा। दिव्यांग ने कहा कि डीएम साहब से मिलने आया हूं। इस पर उन्होंने कहा कि हम ही डीएम हैं, बताइए क्या बात है।
इस पर दिव्यांग ने कहा कि साहब घर के पास एक जमीन की पैमाइश और एक ट्राई साईकिल के लिए आया हूं। इसके लिए कई बार तहसील से लेकर जिले के संबंधित अधिकारियों के पास दौड़ चुका हूं। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर डीएम ने कसया एसडीएम को फोन कर दिव्यांग बद्री की शिकायत को शीघ्रता के साथ समाधान कराने का निर्देश दिया।