पडरौना। शुक्रवार की शाम डीएम की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता समेत तीन अधिकारी अनुपस्थित रहे। इस पर नाराजगी जताते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा। इसके अलावा जल जीवन मिशन के बारे में पर्याप्त जानकारी उपलब्ध न कराने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम को तैयारी के साथ बैठक में आने के लिए निर्देश दिया। डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि बैठक में आने से पूर्व अधिकारी अपने-अपने कार्यों की जानकारी रखें। बाढ़ खंड की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता द्वारा 12 परियोजनाओं में 11 पूर्ण होने व एक परियोजना नौतार में रेगुलेटर के फाउंडेशन का कार्य बंद होने की जानकारी दी गई। जल जीवन मिशन के तहत जिले में हो रहे कार्यों की जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम ने बताया कि कुल 453 परियोजनाओं में 904 ग्राम पंचायतों को आच्छादित किया जाना है। इसमें 115 स्थानों पर भूमि पर विवाद के कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इस पर डीएम ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता से नहरों की सफाई, नहरों में टेल तंक पानी व नहरों की कटान आदि की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि लंबित कार्यों काे शीघ्र पूरा कराएं। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।