पडरौना। डीएम और एसपी ने बृहस्पतिवार को खिरकिया घाट स्थित मूर्ति विसर्जन घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से बात कर घाट पर बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग, प्रकाश, व्यवस्था आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया।
डीएम विशाल भारद्वाज ने कहा कि जरूरत के अनुसार प्रतिमा विसर्जन स्थल पर रेत की बोरी से घाटों का निर्माण कराएं। इसके अलावा वहां उचित बैरिकेडिंग, गोताखोरों की व्यवस्था कर एसडीआरएफ की टीम भी चिन्हित स्थानों पर बुलाएं। आवागमन के रास्ते पर पथ प्रकाश तथा विद्युत संयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एसपी संतोष कुमार मिश्र, सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव, सीओ अभिषेक सिंह, कोतवाल आशुतोष सिंह, नायब तहसीलदार विशाल दत्त त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।