टॉपटेन बदमाशों में शामिल जिला पंचायत सदस्य गिरफ्तार
गुरवलिया बाजार/तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के छहूं निवासी व सपा के वर्तमान जिला पंचायत सदस्य व टॉपटेन बदमाशों की सूची में शामिल अमरेश यादव को तुर्कपट्टी थाने की पुलिस ने बुधवार की सुबह पशु तस्करी व गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर थाने ले आई। उधर, गिरफ्तारी के बाद जिला पंचायत सदस्य के समर्थक ग्रामप्रधान रानी यादव के नेतृत्व में थाने पहुंचे और पुलिस पर हाईकोर्ट का आदेश न मानने का आरोप लगाते हुए अमरेश को छोड़ने की मांग करने लगे।
बुधवार सुबह तुर्कपट्टी थाने की पुलिस अमरेश को गिरफ्तार कर ले आई और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई। इधर, गिरफ्तारी से नाराज अमरेश यादव की पत्नी व ग्रामप्रधान रानी यादव की अगुवाई में कई लोग थाने पहुंचे और पुलिस पर हाईकोर्ट का आदेश न मानने का आरोप लगाया। वे अमरेश को छोड़ने की मांग करने लगे। थाने में जुटी भीड़ से तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने बताया कि अमरेश यादव पर जनपद के विभिन्न थानों सहित गोरखपुर में भी मुकदमा दर्ज है। इसी मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव पिछले कई महीनों से फरार था। उसकी तलाश की जा रही थी। बीते 29 जून को पुलिस ने अमरेश के कार्यालय पर छापा मारकर मालवाहक को बरामद करके पशुओं को मुक्त कराया था। वहीं, सात सितंबर को भी डीआईजी के निर्देश पर दबिश देकर धरपकड़ की कोशिश की गई थी। इसमें पुलिस की पकड़ में अमरेश नहीं आया था। उस समय पुलिस ने मौके से छह गाड़ियों को कब्जे में लिया था। उसके बाद अमरेश के साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ जिले के विभिन्न थाने सहित गोरखपुर के थानों में मुकदमा दर्ज है। स्टे एक मुकदमे में होने की बात सामने आ रही है। इसकी भी जांच की जा रही है। अमरेश यादव टॉपटेन के अपराधी में शामिल है। विविध कार्रवाई की जा रही है।
हाईकोर्ट से स्टे के बावजूद गिरफ्तार करने का आरोप
अमरेश यादव की पत्नी और छहूं की प्रधान रानी यादव ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा में पंचायत के दौरान उनके पति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट से इस मामले में 20 दिसंबर तक स्टे प्राप्त है। इसके बाद जो फैसला आता, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से कुछ बताया नहीं जा रहा। मात्र जांच का आश्वासन मिल रहा है।