छितौनी। माइक्रो फाइनेंस कंपनी की किस्त जमा करने को लेकर पति-पत्नी के बीच शनिवार की शाम को विवाद हो गया। नाराज पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों को सूचना देकर परिजन दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। मायके वालों की शिकायत पर पुलिस के साथ तहसीलदार पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के नरकहवा गांव के सुमित भारती की पत्नी 30 वर्षीय पत्नी सविता ने एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी से करीब 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। पुलिस के अनुसार, रविवार को किस्त देनी थी। इसको लेकर शनिवार की शाम को पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद पति सब्जी लाने बाजार चला गया। इस दौरान सविता ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। बाजार से आने पर उसकी तबीयत खराब देख सुमित ने शोर मचाया। आसपास के लोगों के सहयोग से उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात तबीयत में सुधार बताकर डॉक्टर ने घर ले जाने के लिए कहा। सविता को घर लेकर चला आया।
रविवार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। घर वाले मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मायके वालों को सूचना देने के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। वे दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के मुजइदा गांव निवासी मृतका के भाई अजय कुमार हनुमानगंज पुलिस को साजिश के तहत बहन की हत्या करने की सूचना दी। तहसीलदार महेश कुमार और थानाध्यक्ष अजय कुमार पटेल पहुंचे। पुलिस को देख दरवाजे पर मौजूद गांव वाले खिसक गए। तहसीलदार ने मायके और ससुराल पक्ष का बयान दर्ज किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सविता की चार बेटियां और एक बेटा है। सभी नाबालिग हैं। थानाध्यक्ष अजय पटेल ने बताया कि मायके वालों ने साजिश के तहत विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।