पडरौना। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने डीआईओएस का अग्रिम आदेश तक वेतन बाधित कर दिया है। इस कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप मचा है। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण के लिए कुल 1819 लाभार्थी चयनित हुए थे। इसमें से अभी तक 1060 टैबलेट वितरित किए गए हैं। इसी तरह स्मार्टफोन वितरण के लिए कुल 22029 लाभार्थी चयनित हैं, जिसमें से अभी तक 197 टैबलेट वितरित किए गए हैं। चयनित लाभार्थियों को समय से टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित नहीं करने पर शासन ने असंतोष व्यक्त किया है। इसके पूर्व भी जिला विद्यालय निरीक्षक की तरफ से इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने के कारण बीते 21 अप्रैल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने सुधार नहीं किया। बार-बार समीक्षा बैठकों में निर्देश देने के बाद भी उनके द्वारा निर्धारित टैबलेट एवं स्मर्टफोन वितरित नही कराया जा सका। सरकार की योजना का क्रियान्वयन समय से पूर्ण नहीं कराने शासन, प्रशासन की क्षवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड रहा है। यह घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता का द्योतक है। इसको गंभीरता से लेते हुए अवशेष टैबलेट एवं स्मर्टफोन के शतप्रतिशत वितरण तक जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार का वेतन बाधित कर दिया गया है।