पडरौना। सावन में शिव भक्ति जिले के सभी शिवालयों में दिखाई दे रही है। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कहीं कांवियां तो कहीं भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के हुजूम से शिवालय गुलजार हैं। श्रद्धालुओं ने बृहस्पतिवार को भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रभु से आशीष मांगा। बृहस्पतिवार को जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भोर में श्रद्धालु जुटने शुरू हो गए। नगर के भारतीय शिवाला मंदिर, प्राचीन कुबेरस्थान शिवमंदिर, करहिया शिवमंदिर, पथलेश्वरनाथ शिव मंदिर, भन्नुनाथ शिवमंदिर, लमुहा शिवमंदिर, सिद्घनाथ समेत सभी शिव मंदिरों में सोमवार की भोर से लेकर देर शाम तक लोगों ने पूजा की।