- खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने बृहस्पतिवार को की कार्रवाई
पडरौना। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की तरफ से दिवाली में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ताकि लोगों को सुरक्षित खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जा सके। वहीं, मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जा सके। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने जांच में 16700 रुपये कीमत के सामान खाने योग्य नहीं पाया है। उसे तत्काल नष्ट करा दिया गया है।
सहायक आयुक्त(खाद्य)-द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि बुधवार को उनके अलावा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में बनी विभाग की टीम ने हाटा के गांधी नगर, मेन मार्केट, तमकुहीराज के सपही खुर्द व उजारनाथ, छितौनी के पनियहवा, कसया के बस स्टैंड और श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर समेत कुल आठ दुकानों की जांच की। जांच के दौरान 10 किलोग्राम छेना की मिठाई और 10 किलोग्राम खोया खाने योग्य नहीं पाया गया है। इसकी कीमत करीब 5300 रुपये है। इसके अलावा तमकुहीराज के सपही खुर्द व उजारनाथ चैराहा पर 190 किलोग्राम नमकीन खाने योग्य नही मिली है। इसकी कीमत 11400 रुपये बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान अलग-अगल दुकानों से कुल नौ नमूने भी एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला की तरफ से जांच रिपोर्ट मिलने पर जिन दुकानों के नमूगा मानक के विपरीत मिलेंगे उन व्यापारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पंकज कुमार कन्नौजिया, योगेश कुमार राय, सच्चिदानंद गुप्ता, मनोज कुमार श्रीवास्तव, पवन कुमार गोंड आदि मौजूद रहे।