अनुपस्थित छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क करेगा विभाग
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में अनुपस्थित छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए शुरू हुआ अभियान
पडरौना। जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में अनुपस्थित छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए शिक्षा विभाग की तरफ से विशेष पहल की गई है। सप्ताह के अंतिम दिन शनिवार तक अनुपस्थित छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क कर शिक्षकगण छात्रा के अनुपस्थित होने का कारण जानेंगे। साथ ही विभाग की तरफ से होने वाले समाधान के लिए पहल करेंगे।
जिले के सभी 14 ब्लॉक मुख्यालय पर एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय संचालित हैं। प्रत्येक विद्यालय में सौ-सौ छात्राओं का नामांकन हैं। इन विद्यालयों में छात्राओं के रहने और पढ़ने की संपूर्ण व्यवस्था शासन की तरफ से निशुल्क है। इसके बावजूद कई छात्राएं ऐसी हैं, जो किसी कारण से नामांकन कराकर स्कूल नहीं जा रही हैं। इसके अलावा कुछ छात्राएं घर जाने के बाद स्कूल आने में रुचि नहीं दिखा रही हैं। इस तरह की छात्राओं को विद्यालय में शतप्रतिशत उपस्थिति बढ़ाने के लिए विभाग की तरफ से विशेष पहले करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत सप्ताह के अंतिम दिन तक अनुपस्थित छात्राओं के अभिभावकों से स्कूल के शिक्षक बात कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे।
इस संबंध में बीएसए डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि परिषदीय स्कूलों के अलावा जिले में संचालित कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष शप्रतिशत छात्राओं की उपस्थिति के लिए विभाग संकल्पित है। इसलिए जो छात्राएं किन्हीं कारणों से विद्यालय में अनुपस्थित हैं। उन छात्राओं के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया है।