जिले को सूखाग्रस्त घोषित कराने के लिए दिया धरना
तमकुहीराज। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को तहसील मुख्यालय पर धरना दिया। बारिश न होने के कारण फसल सूखने पर चिंता जताते हुए सपा कार्यकर्ता जनपद को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग कर रहे थे। सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी व्यास नारायण उमराव को सौंपकर धरना खत्म किया।
मंगलवार को सपा नेता व सेवरही के पूर्व ब्लॉक प्रमुख उदय नारायण गुप्ता की अगुवाई में बड़ी संख्या में सपाई डाक बंगले पर जुटे। वहां से सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कस्बे का भ्रमण करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। सपाइयों का कहना था कि इस वर्ष बरसात नहीं होने के कारण फसल सूख रही है। नहरों में पानी नहीं आ रहा है। किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। किसानों की समस्याओं के प्रति योगी सरकार उदासीन बनी हुई है। धरना देने के बाद सपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन उपजिलाधिकारी व्यास नारायण उमराव को सौंपकर धरना समाप्त किया।
ज्ञापन में तमकुहीराज तहसील सहित कुशीनगर जनपद को सूखाग्रस्त घोषित करने, प्रभावित किसानों को फसल का मुआवजा देने, फसल ऋण माफ करने, गरीबों और मजलूमों के साथ हो रहे पुलिसिया उत्पीड़न पर रोक लगाने, क्षेत्र में बहने वाली नहरों, रजबाहों, माइनरों में हेड से टेल तक पानी पहुंचाने की मांग की गई है। इस दौरान राकेश यादव, प्रदीप यादव, श्यामसुंदर गुप्ता, औरंगजेब अंसारी, सुलेमान , गोरख निषाद, पंकज कुमार, बबलू अली गाजी, बाबूनंद यादव और अब्दुल मन्नान आदि मौजूद रहे।