पडरौना। कुशीनगर जिले में आयुष्मान योजना में हुई गड़बड़ियों को लेकर सपा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। निष्पक्षता से जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पीएम मोदी को संबोधित मांगों का ज्ञापन डीएम उमेश मिश्रा को सौंपा।
सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष रामलखन यादव की अगुवाई में कलक्ट्रेट पहुंचे कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संबोधित मांगों का ज्ञापन डीएम उमेश मिश्रा को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत बिचौलियों व भ्रष्टाचारियों की भेंट चढ़ गई है। आजकल इसमें धांधली व घोटाले की खबरें लोगों को सुनने व पढ़ने को मिल रहीं हैं। जिले में आयुष्मान भारत योजना में करोड़ों रुपये का बंदरबांट किया गया है। इस योजना का लाभ उन्हीं अस्पतालों को दिया गया है, जो पहले से ही बदनाम हैं। छात्रसभा के जिलाध्यक्ष रामलखन यादव ने कहा कि सत्ताधारी दल के नेताओं की मिलीभगत से ही यह घोटाला हुआ है। अकेले स्वास्थ्य विभाग इतना बड़ा खेल नहीं कर सकता है। इलाज के नाम पर खर्च से अधिक बिल बनाकर अपने चहेतों के खाते में पैसे भेजे गए। यहां के सीएमओ लाख शिकायत के बाद भी कुंडली मारकर बैठे हुए हैं। इससे लगता है कि इनकी पहुंच शासन के भीतर गहराई तक है। इस मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच हो। दोषी अधिकारियों व जिम्मेदारों पर
कार्रवाई की जाय। इस दौरान छात्र सभा के धनेश यादव, अरविंद यादव, आफताब आलम, अतुल, राजदीप, अमित यादव, सन्नी, संतोष, विश्वजीत, अभिनव, सरफराज, रोहित, नितेश आदि मौजूद रहे।