मंसाछापर। सेंट्रल बैंक की सोहरौना शाखा पर शुक्रवार को ग्राम प्रधानों और खाताधारकों ने प्रदर्शन किया। शाखा प्रबंधक पर एनपीसीआई नहीं करने का आरोप लगाया। इसकी वजह से किसान सम्मान निधि, मनरेगा मजदूरी बैंक खाते में नहीं पहुंच रही है। ग्राम प्रधानों ने इसकी शिकायत डीएम से की।
इस शाखा में त्रिलोकपुर बुजुर्ग, धौरहरा, जंगल सिंगापट्टी, त्रिलोकपुर खुर्द, गंभीरिया, जंगल शाहपुर, सोहरौना, विन्दवलिया, पचफेड़ा, कुरमौल उर्फ सोहनपुर समेत कई गांवों के लोगों का खाता है l एनपीसीआई नहीं किए जाने से वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि और मनरेगा मजदूरों की मजदूरी, पीएम आवास के रुपये खाते में नहीं पहुंच रहे हैं। एनपीसीआई कराने बैंक पर जब खाता धारक पहुंच रहे हैं तो मैनेजर सर्वर फेल या समय अभाव बताकर लौटा दे रहे हैं। डीएम को दिए मांग पत्र में लोगों ने कहा कि केसीसी धारकों का बिना बताए बैंक अकाउंट बंद कर दिया गया है l खाता धारकों की बिना अनुमति बचत और केसीसी खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए जा रहे हैं l इससे खाता धारकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है l
ग्राम प्रधानों का कहना है कि ग्राम पंचायतों का खाता इसी बैंक में है। कई महीने से भुगतान नहीं होने से विकास कार्य भी प्रभावित हैं। प्रदर्शन करने वालों में सिंघापट्टी गांव के प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह, त्रिलोकपुर बुजुर्ग गांव के प्रधान प्रतिनिधि रामविजय, आनंद पांडेय, गंभीरिया गांव के ग्राम प्रधान बबलू कुशवाहा, धौरहरा गांव के प्रधान अमर चंद, विनोद कुमार, राजीव चौहान, पचफेड़ा गांव के प्रधान श्रीनिवास चौहान, त्रिलोकपुर खुर्द गांव की प्रधान सुमन देवी, कुलदीप यादव, अमला देवी, सोना देवी, केश्वर, जमवंत यादव, प्रदीप पाल, बगिश, रमेश पाल, लालबहादुर, विनोद यादव, रामचंद्र मौजूद रहे।
-
-दूसरे बैंकों में भी लोगों का खाता है। उसमें भी आधार लिंक है, इसके कारण भी समस्याएं आती हैं। कभी-कभी सर्वर डाउन होने कारण एनपीसीआई नहीं हो पाती है। खाताधारकों का प्रतिदिन एनपीसीआई हो रहा है। जिनकी समस्या है, वे बैंक आएं। समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। -आलोक कुमार, शाखा प्रबंधक