तमकुहीराज एसएचओ के खिलाफ तहसील में प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्ता के साथ दुर्व्यवहार का आरोप, कार्रवाई की मांग
डिबनी बंजरवा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तमकुहीराज तहसील का घेराव किया। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने एसएचओ तमकुहीराज पर कार्यकर्ताओं का अपमान एवं दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ राज्यपाल को संबोधित पत्रक एसडीएम व्यास नारायण उमराव को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को तमकुहीराज तहसील मुख्यालय का घेराव करते हुए पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने तमकुहीराज थाने की पुलिस पर आरोप लगाया। कहा कि कि पिछले दिनों थाने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता छोटेलाल यादव के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार में एक राजनीतिक कार्यकर्ता का उत्पीड़न पुलिस की बेलगामी की निशानी है। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं हुई तो चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि कार्रवाई नहीं होने की दशा में कांग्रेस कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान लोगों ने एसडीएम को पत्रक देकर प्रदर्शन खत्म किया।
इस दौरान मनोज सिंह, लल्लन पटेल, छोटेलाल यादव, अशोक पटेल, प्रभुनाथ गुप्ता, शंभू गुप्ता, रियाज अंसारी, अनिरुद्ध गुप्ता, विजय रावत, गुलाब अंसारी, फारुख अली आदि मौजूद थे।