गुरवलिया को ब्लॉक बनाने की मांग को लेकर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा को पत्रक देते उद्योग व्यापार मं?
- फोटो : KUSHINAGAR
तुर्कपट्टी को टाउन एरिया, गुरवलिया को ब्लॉक बनाने की मांग
गुरवलिया बाजार। ब्लॉक बनाओ संघर्ष समिति की तरफ से बृहस्पतिवार को व्यापारियों की ओर से स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक, सीएम और पंचायतीराज मंत्री को पत्र भेजा है। इसमें तुर्कपट्टी को नगर पंचायत और गुरवलिया को ब्लॉक मुख्यालय बनाने की मांग की गई है। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा ने मानसून सत्र के दौरान इस मामले को विधानसभा में उठाने का भरोसा दिया है।
सेवरही-तुर्कपट्टी वाया कसया मार्ग स्थित गुरवलिया क्षेत्र का सबसे प्रमुख पुराना बाजार है। यहां महाविद्यालय, इंटर कॉलेज समेत कई निजी संस्थान हैं। दुदही ब्लॉक क्षेत्र में आने वाले गुरवलिया बाजार के आसपास तमकुही, पडरौना, फाजिलनगर के केंद्र में हैं। यहां गंडक विभाग की 28 एकड़ भूमि निष्प्रयोज्य पड़ी है, जिस पर ब्लॉक व अन्य विभागों का निर्माण हो सकता है। लोगों ने विधायक से मिलकर मांग पत्र सौंपा। विधायक के आश्वासन से व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। ब्लॉक बनाए जाने के सभी मानक को पूरी करने वाले गुरवलिया बाजार के पास अपनी भूमि भी है।
तुर्कपट्टी को नगर पंचायत व गुरवलिया को ब्लॉक मुख्यालय बनाने पर विचार-विमर्श कर निर्णय ले लिया गया है। 19 सितंबर से होने वाले मानसून सत्र में मांग को रखने के बाद मुख्यमंत्री से मिलकर भी इसकी मांग रखूंगा। गुरवलिया में 28 एकड़ जमीन उपलब्ध है, जिससे ब्लॉक बनाने की राह आसान दिख रही है। तुर्कपट्टी को भी नगर पंचायत बनवाने के लिए मांग रखी जाएगी।
-सुरेंद्र कुशवाहा, विधायक फाजिलनगर