संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कसया तहसील क्षेत्र की टेकुआटार ड्रेन में बिना कार्य कराए भुगतान करने की शिकायत पर डीएम ने कमेटी गठित कर जांच के निर्देश दिए थे। सोमवार को जांच टीम जब मौके पर पहुंची तो ड्रेन की सफाई नहीं होने से झाड़ियां से पटी मिली। टीम ने गांव के लोगों से पूछताछ की। लोगों ने टीम से जुड़े अधिकारियों से मौके पर ही रिपोर्ट तैयार करने की मांग करते हुए बाढ़ खंड के एक्सईएन पर कार्रवाई की मांग की।
टेकुआटार ड्रेन में हुए सफाई कार्य की जांच करने डीएम के निर्देश पर सोमवार को दोपहर में पहुंचे सिंचाई खंड कसया के जेई नीरज गुप्ता, ज्वाइंट बीडीओ राकेश कुमार और गन्ना विभाग के सतेंद्र मणि ने ड्रेन के कार्य की जांच की। इसके बाद ड्रेन के पास सिहोरवा टोला, जमुनिया, बाबू टोला, अंधियारा टोला आदि के लोगों से पूछताछ की।
वहां जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बलराम राव ने टीम के सदस्यों से मौके पर ही जांच रिपोर्ट बनाने की मांग की। ड्रेन की सफाई नहीं होने से नाराज गांव के लोगों ने दोषी अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज कराने और ड्रेन की सफाई के नाम पर हुए भुगतान की धनराशि की रिकवरी की मांग की।