दिल्ली चैलेंजर्स ने जेपी क्लब जबलपुर को पांच विकेट से हराया
फाजिलनगर/गुरवलिया बाजार। पावानगर महावीर इंटर कॉलेज के मैदान में चल रही अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप बी का दूसरा मैच शनिवार को दिल्ली चैलेंजर्स और जेपी क्लब जबलपुर (मध्य प्रदेश) की टीम के बीच खेला गया। दिल्ली चैलेंजर्स की टीम ने यह मैच पांच विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस मैच में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दिल्ली के खिलाड़ी तरुन गोदरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शनिवार को सुबह दस बजे से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में दिल्ली के कप्तान शिवम शर्मा ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जबलपुर की टीम ने निर्धारित 30 ओवर के इस मैच के 23वें ओवर की दूसरी गेंद तक सभी विकेट गंवाकर मात्र 103 रनों का लक्ष्य दिया। जबलपुर टीम की तरफ से खेलते हुए विजय साहनी ने 63 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके की मदद से 43 रन, सौरभ यादव ने एक चौके व दो छक्कों की मदद से 20 तथा वात्सल्य यादव ने तीन चौके की मदद से 16 रनों का योगदान दिया, जबकि टीम के चार खिलाड़ी शून्य पर आउट हो गए। दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विकास दीक्षित ने चार ओवरों में 14 रन देकर तीन विकेट, कुलवंत खेजरवालिया व यश गर्ग ने दो-दो तथा अनुरीत सिंह, केशव शर्मा व रमेश प्रसाद ने एक-एक विकेट लिया।
जवाब में उतरी दिल्ली की टीम ने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर पांच विकेट गंवाकर 104 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह दिल्ली चैलेंजर्स की टीम ने पांच विकेट से मैच जीत लिया। दिल्ली की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए तरुन गोदरा ने 24 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके व तीन छक्कों की मदद से नाबाद 57, कैफ ने चार चौके व एक छक्के की मदद से 25 रन व अखिल कोहर ने 12 रनों का योगदान दिया। जमशेदपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए सौरभ यादव व आदर्श जायसवाल ने दो-दो विकेट लिए। सुमित पटेल को एक विकेट मिला। दिल्ली की तरफ से नाबाद 57 रनों की पारी खेलने वाले तरुन गोदरा को मैन ऑफ द मैच की ट्राफी व पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार समाजसेवी रुचिर राज पांडेय ने प्रदान किया।
इससे पहले मैच का शुभारंभ प्रभारी निरीक्षक पटहेरवा गिरिजेश उपाध्याय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच में अंपायरिंग यूपीसीए के अंपायर पवन यादव व सतीश पांडेय ने किया, जबकि थर्ड अंपायर मोहम्मद नदीम रहे। मैच की स्कोरिंग शरद त्रिपाठी ने की। कमेंट्री गुड्डू पांडेय व मुहम्मद आलम ने की।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मनोज सिंह, शहीद के बड़े भाई रिटायर्ड आरटीओ अजय त्रिपाठी, आयोजन समिति के अध्यक्ष शत्रुमर्दन प्रताप शाही, अभय त्रिपाठी, सीओ जोश, मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह, सफीकुर्रहमान आदि मौजूद थे।