-तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दोघरा गांव निवासी पीड़ित
- अपने रिश्तेदारों के बैंक खाते में आरोपी ने मंगाई थी रकम
उजारनाथ। जमीन बेचने के लिए 12 लाख रुपये लेने वाले शख्स ने दूसरे को जमीन बेच दी। रकम मांगने पर टाल मटोल करने लगा। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार है।
तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के दोघरा गांव निवासी फारसी से करमैनी गांव निवासी आदित्य सिंह ने 12 लाख रुपये में अपनी जमीन और मकान बेचने के लिए 2 जुलाई को सौदा तय किया। 3 जुलाई को फारसी से आदित्य सिंह और उसका जानने वाले यूनुस ने जमीन बैनामा करने की बात कही और रकम की मांग की।
आदित्य सिंह ने अपनी बुआ के बेटे रजवटिया गांव निवासी विशाल राव के बैंक खाते में फारसी से 7.5 लाख रुपये मंगाया। बाकी रुपये जमीन बैनामा होने के बाद देने का वादा किया। जमीन बैनामा करने के लिए फारसी ने स्टांप खरीद लिया, लेेकिन आदित्य सिंह जमीन बैनामा करने के लिए नहीं पहुंचा।
यूनुस ने फारसी को फोन कर कहा कि पूरी रकम लेने के बाद जमीन और मकान का बैनामा होगा। आदित्य सिंह ने 19 जुलाई 2023 को अपने घर पर फारसी को बुलाकर बाकी रुपये की मांग की। आदित्य सिंह के कहने पर फारसी ने 3.90 लाख रुपये तीसरे व्यक्ति सतीश सिंह उर्फ सोनू के एचडीएफसी बैंक के खाते में भेज दिया। बाकी रकम नकदी दी।
इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग मौजूद रहे। आदित्य ने 22 जुलाई को जमीन और मकान का बैनामा करने को कहा, लेकिन 21 जुलाई को आदित्य सिंह ने अपनी जमीन और मकान तीसरे व्यक्ति सतीश सिंह उर्फ सोनू और उनके भाई संजीव सिंह के नाम बैनामा कर दिया। इसकी जानकारी होने पर फारसी दिए हुए रकम को वापस मांगने के लिए दबाव बनाया तो टाल मटोल करने लगा।
पुलिस ने इस मामले में पटहरेवा थाना क्षेत्र के करमैनी गांव निवासी आदित्य सिंह, युनूस, रजवटिया गांव निवासी विशाल राव, मोगलपुरा निवासी सतीश उर्फ सोनू सिंह, उनके भाई संजीव सिंह पर केस दर्ज किया है। पटहेरवा थाने के एसओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि धोखाधड़ी का केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।