मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा गांव के नदी उस पार रेता क्षेत्र से घास लेकर आ रहे 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह पखनहा गांव का रहने वाला था। घर वाले तेज धूप लगने से मौत होने की बात कह रहे हैं। घर वालों ने अंतिम संस्कार कर दिया है।
बिहार के रहने वाले हरदेव यादव पिछले कई वर्षों से जटहा बाजार थाना क्षेत्र के पखनहा गांव में घर बनाकर परिवार समेत रहते हैं। रविवार को वे अपने खेत कटाई भरपुरवा रेता क्षेत्र में गए थे। दोपहर करीब एक बजे घास लेकर पखनहा जा रहे थे। कटाई भरपुरवा चौराहे पर अचानक अचेत होकर गिर गए और उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि घास लेकर वे कई जगह पेड़ की छांव में बैठे भी थे। सूचना पर घर के लोग पहुंचे और शव को लेकर चले गए। बाद में परिजनों ने अंतिम संस्कार भी कर दिया। मृतक का एक ही बेटा है, जो शादीशुदा है।