- जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंसाछापर। जटहां बाजार के विशुनपुरा बुजुर्ग गांव के धागड़ टोली में मंगलवार की रात बीमार 8 साल के गोलू की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव वालों का कहना था कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसकी वजह से बालक का उचित इलाज नहीं हो सका, जिससे उसकी मौत हुई है।
गांव के तोता महतो का बेटा गोलू कुछ दिनों से बीमार था। गांव के लोगों ने बताया कि बालक के सिर में फोड़ा हो गया था। वह बुखार से भी पीड़ित था। घरवाले उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से उसका उचित इलाज नहीं हो सका। समय पर बेहतर इलाज नहीं मिलने से मंगलवार की रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोलू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता तोता महतो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घर पर चार बच्चों के साथ उनकी पत्नी रहतीं हैं। परिवार में पात्र गृहस्थी का कार्ड है, जिस पर राशन मिलता है। इस संबंध में एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही बालक के मौत का सही कारण पता चल सकेगा।