खड्डा। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर रविवार को युवक का शव मिला। जीआरपी ने उसकी पहचान बिहार निवासी युवक के रूप में की। जीआरपी ने परिजनों को इसकी सूचना देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार की सुबह खड्डा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-एक पर युवक का शव पड़ा था। सूचना मिलने पर पनियहवा जीआरपी चौकी की पुलिस पहुंच गई। शव के पास मिली डायरी में लिखे नंबर के सहारे पुलिस ने उसके परिवार से संपर्क किया। उसकी पहचान दिलीप खरवार निवासी ग्राम परसौनी थाना चौतरवा (बगहा) बिहार के रूप में हुई। उसकी पत्नी नीलम ने बताया कि दिलीप कुछ माह पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में हल्द्वानी गए थे। पहले से उनकी तबीयत खराब रहती थी। हल्द्वानी में कार्य करते समय तबीयत और खराब हो गई। वहां साथियों ने इलाज कराकर ट्रेन में बैठा दिया था। घर आते समय रास्ते में यह घटना हो गई। इस संबंध में जीआरपी चौकी प्रभारी रामदयाल यादव ने बताया कि दिलीप खरवार बिहार के रहने वाले थे। हल्द्वानी से कप्तानगंज आए थे। कप्तानगंज से खड्डा तक रेलवे टिकट था। प्रथम दृष्टया बीमारी से मौत होना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए हैं।