कसया। नगर में बुधवार की दोपहर कमरे में युवक का शव छत के पंखे से लटका मिला। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने बंद दरवाजे को तोड़कर कमरे की जांच-पड़ताल की और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर कसया निवासी आरिफ शाह (38) पुत्र मुन्ना शाह का बंद कमरे में छत में लगे पंखे के सहारे शव लटका मिला। परिजनों की सूचना पर आई पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा और जांच में जुट गई। परिजनों व स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक आरिफ बुधवार की सुबह बाजार की तरफ घूमने गया था।
बाजार से घर आया और बीमार मां को कुछ खाने को देकर यह कहते हुए कमरे में गया कि वह सोने जा रहा है। जी घबरा रहा है। काफी देर बाद जब उसे परिजन बुलाने गए तो दरवाजा बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने खिड़की से देखा तो आरिफ फंदे से लटक रहा था। परिजनों के अनुसार आरिफ छोटा-मोटा व्यवसाय कर परिवार की आजीविका चलाता था। उसकी पत्नी अपने दो बच्चों को लेकर कुछ महीने पहले से मायके में हैं। मृतक के पिता मौके पर मौजूद नहीं थे।
वह अपनी पत्नी की दवा लेने कहीं गए थे। इस संबंध में एसएचओ कसया गिरिजेश उपाध्याय ने बताया कि नगर में बंद कमरे में फंदे से लटकता एक युवक का शव मिला है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य को एकत्र की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।म