पकवा इनार। कसया थाना क्षेत्र के चकदेइयां में रविवार की रात युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं।
चकदेइयां गांव निवासी हरिशंकर वर्मा (45) पुत्र रामप्रसाद वर्मा वह वाहन चालक थे। उनकी पत्नी बेटे अमन के साथ गाजियाबाद में रहती हैं। अमन वहीं नौकरी करता है। चकदेइयां गांव में शनिवार की शाम को खाना खाकर हरिशंकर वर्मा कमरे में सोने चले गए। रविवार की देर रात तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर अगल-बगल के लोगों को संदेह हुआ। इस दौरान उनका बेटा अमन मोबाइल पर कॉल करता रहा। दो दिन तक फोन नहीं उठने पर अनहोनी का शक हुआ और साथियों को घर भेजा। घर के पीछे खिड़की से कमरे में लटका शव दिखाई दिया। इसकी सूचना अमन को दी गई। वहीं से अमन ने 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद कुशीनगर चौकी पुलिस पहुंची और शव को उतरवाया।
चर्चा है कि हरिशंकर वर्मा समूह के कर्ज से परेशान था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतक के परिजन घटना को आत्महत्या बता रहे हैं।