कप्तानगंज। छोटी गंडक नदी के राम जानकी घाट पर शनिवार शाम को विसर्जन के दौरान डूबे युवक की लाश तीन दिन बाद करीब पांच किमी दूर सोमवार को मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के अग्रहरी रोड निवासी राजेश्वर अग्रहरी का 19वर्षीय बेटा आशीष अग्रहरी शनिवार को मोहल्लों वालों के साथ रामजानकी घाट पर गया था। विसर्जन के दौरान चार युवक नदी में गिर गए। तीन युवकों को लोगों ने बचा लिया, जबकि बहाव तेज होने से आशीष अग्रहरी डूब गया।
पुलिसकर्मियों ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कराई। दो दिनों तक टीम ने घटनास्थल के आस-पास तलाश की, लेकिन पता नहीं चला।
सोमवार सुबह मलुकही गांव के सामने सोमवार लोगों ने नदी में शव उतराया देखा। इसकी जानकारी होने पर गांव वालों की भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर आई पुलिस ने शव परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई।
एसओ राज कुमार बरवार ने बताया कि लापता आशीष अग्रहरी का शव मलुकही गांव के पास नदी में मिला है। पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।