पडरौना। बनकटा बाजार क्षेत्र के लोहरलिया गांव निवासी युवक की बुधवार को नासिक में मौत हो गई थी। वह वहां एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में गिट्टी बालू का मिश्रण कर रहे थे। वह गिट्टी और बालू के मिश्रण के नीचे दब गए थे, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। शुक्रवार को उनका शव गांव लाया गया तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम सभा लोहरलिया निवासी 18 वर्षीय सूरज यादव करीब पांच माह पहले महाराष्ट्र के नासिक में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करने गए थे। बुधवार की रात करीब दो बजे उनके परिजनों को उनकी मौत की जानकारी हुई थी। शुक्रवार की रात करीब दस बजे उनका शव गांव लाया गया। मां गिरिजा देवी व पिता राजेश यादव रोते-रोते अचेत हो जा रहे थे। पिता ने बताया कि सूरज परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। शनिवार की सुबह गांव में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।