खड्डा। प्राइवेट बस में सो रहे चालक का शव करदह गांव के पास कुछ दूरी पर सड़क पर शनिवार की भोर में मिला। गांव वालों की भीड़ जुट गई। कुछ देर बाद महराजगंज से परिजन और बस मालिक भी पहुंच गए। मौके पर आई पुलिस से लोगों ने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा द्वारिका गांव निवासी सतीश सिंह (30) पनियहवा से गोरखपुर तक प्राइवेट बस चलाते थे। शुक्रवार की रात गोरखपुर से बस लेकर आए और करदह बाजार के पास जखिनिया डोमन छपरा मार्ग के किनारे बस खड़ी कर उसी में सो गए थे। चालक के अलावा बस में खलासी भी सो रहा था। पुलिस की पूछताछ में खलासी ने बताया कि जब वह भोर में उठा तो चालक बस के अंदर नहीं थे। वह टार्च लेकर नीचे उतरा तो कुछ दूरी पर वह सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे।
खलासी ने फोन कर बस मालिक को बताया। डायल 112 को सूचना दी। मौके पर बस मालिक और पुलिस भी पहुंच गई। बस मालिक ने पुलिस को बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से चालक की मौत हुई है। बस चालक की पांच वर्ष की बेटी और पत्नी है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि हादसा होते हुए किसी ने देखा नहीं है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। इसकी जांच की जा रही है।