रामकोला। छोटी गंडक नदी में स्नान करते समय लापता हुए विशाल मौर्य का शव छठे दिन देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोनउला रामनगर में बह रही नदी से बरामद हुआ है। तरकुलवा पुलिस ने शव को निकालने के बाद इसकी सूचना रामकोला पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामकोला थाना क्षेत्र के गांव लाला छपरा निवासी विशाल मौर्य (20) और अजीत कुमार (18) बृहस्पतिवार को कलश में जल भरने के लिए कप्तानगंज थाना क्षेत्र के छोटी गंडक नदी के कारी टोला घाट पर पहुंचे थे, जहां जल भरने के दौरान छोटी गंडक नदी में स्नान करते समय दोनों गहरे पानी में जाकर डूबकर लापता हो गए। एसडीआरएफ टीम ने काफी प्रयास के बाद अजीत मौर्य का शव दूसरे दिन ही बरामद कर लिया। जबकि विशाल की तलाश की जा रही थी। छठवें दिन मंगलवार को विशाल का शव देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के सोनउला रामनगर गांव के समीप छोटी गंडक नदी में मिला। इसकी सूचना मिलते ही रामकोला ब्लॉक प्रमुख दिग्विजय सिंह लक्ष्मण, अरविंद मौर्य, राजेश प्रसाद, मुस्तकीम, रामप्यारे, मोनू दुबे के साथ वहां पहुंचे। तरकुलवा पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामकोला पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। इस संबंध में चौकी इंचार्ज लक्ष्मीगंज शिवम द्विवेदी ने बताया कि युवक का शव मिल गया है। देवरिया पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।