कप्तानगंज(कुशीनगर)। लखीमपुर के रहने वाले ट्रक चालक की लाश मंगलवार की देर रात कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के बाहर मिली। उसके पैर पर चोट के निशान हैं। थाने पर पहुंचे चालक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक यहां कैसे पहुंचा? और इसका मोबाइल कहां गया? इसकी जांच में पुलिस जुट गई है।
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के बौधी खुर्द गांव निवासी 26 वर्षीय सरताज उर्फ मुन्ना गाजियाबाद के दादरी में ट्रक चलाता था। कप्तानगंज रेलवे स्टेशन के बाहर पेड़ के नीचे चबूतरे पर देर रात लोगों ने सरताज की लाश देखी। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच में चालक की जेब से आधार कार्ड मिला। पुलिस ने सरताज के घर वालों को इसकी जानकारी मोहम्मदी थाना के जरिए दी। आधार कार्ड के अलावा चालक की जेब में न तो मोबाइल मिला और न ही कोई कागजात। मृतक का छोटा भाई अलताफ थाने पर पहुंचा। उसने भाई की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस ने निष्पक्ष जांच की मांग की। अलताफ ने बताया कि सरताज अपनी पत्नी शालू और तीन साल की बेटी आइसा नूरी के साथ दादरी में ही रहता था। वह घर से छह महीने पहले गया था और पंद्रह दिन पहले फोन से बात की थी। उसने बताया कि सरताज की पत्नी शालू किसी के साथ तीन साल की बेटी को लेकर फरार हो गई है। उसकी तलाश सरताज कर रहा था।
0
...तो पत्नी की तलाश में कप्तानगंज पहुंचा ट्रक चालक
- चर्चा है कि ट्रक ड्राइवर सरताज को उसकी फरार पत्नी शालू ने कप्तानगंज बुलाया था। सरताज के भाई की मानें तो हत्या के बाद इसका मोबाइल गायब कर दिया गया है। अगर मोबाइल मिल जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उसने शालू पर घटना को अंजाम देने का शक जताया। ऐसे कई बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। चालक के गाजियाबाद से कप्तानगंज पहुंचने का कनेक्शन भी तलाश रही है। उसकी जेब से 28 जनवरी को प्लेटफार्म टिकट मिला है। हांलाकि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। आस-पास के सीसी टीवी फुटेज भी पुलिस खंगाल रही है। स्टेशन पर कब और कैसे चालक पहुंचा।
00
कप्तानगंज एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि जेब में मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजन थाने पर आए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, क्योंकि उसके शरीर पर कोई गंभीर चोट नहीं है। मृतक का भाई हत्या की आशंका जता रहा है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। चालक यहां तक कैसे पहुंचा। इसका पता चलाया जा रहा है।