- तमकुहीराज थाना क्षेत्र के गोड़इता श्रीराम गांव के पास मिला शव
तमकुहीराज। थाना क्षेत्र के टड़वा-तमकुहीरोड मार्ग पर स्थित गोड़इता श्रीराम गांव के पास शनिवार की शाम करीब छह बजे बिहार निवासी एक युवक बाइक सहित सड़क के किनारे गड्ढे में मृत मिला। युवक के नाक से खून निकल रहा था। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
बताया जाता है कि शनिवार की शाम करीब छह बजे तमकुहीराज थाना क्षेत्र के टड़वा-तमकुहीरोड मार्ग स्थित गोड़इता श्रीराम के पास सड़क के किनारे गड्डे में बाइक सवार एक युवक को गिरा देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तमकुहीराज पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की नाक से खून निकल रहा था। जांच के दौरान युवक की मौत हो चुकी थी। बाइक से गिरे युवक की पहचान बिहार के ठकरहां गांव के निवासी मोतीचंद गिरी के पुत्र संजय गिरी (30) के रुप मे हुई।
परिजनों के मुताबिक युवक शुक्रवार को अपने गांव बिहार के ठकरहां से तमकुहीराज थाना क्षेत्र के दाहूगंज में दुकान संचालित करने वाले अपने ही गांव के निवासी कृष्णा के साथ उसकी बाइक से समउर के पास बहन की ससुराल के लिए निकला था। कृष्णा दाहूगंज में दुकान संचालित करता है। कृष्णा को उसकी दुकान पर छोड़ कर संजय उसकी बाइक से अपनी बहन शीला के ससुराल बिहार के रुदलपुर पहुंचा।
बहन को मायके ठकरहां में आयोजित छठ पूजा में शामिल होना था। बहन ने रविवार को मायके जाने की बात कही, जिसके बाद युवक शुक्रवार की शाम करीब छह बजे घर के लिए वापस लौट गया, लेकिन घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार देर शाम तक युवक के घर नहीं पहुंचने के बाद परिजन उसके मोबाइल फोन से लगातार संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। शनिवार की शाम करीब छह बजे युवक को टड़वा-तमकुहीरोड मार्ग स्थित गोड़इता श्रीराम के पास अज्ञात कारणों से बाइक सहित सड़क किनारे गड्डे में गिरा मिला। तमकुहीराज पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा।