पडरौना। एसपी के निर्देश पर जिले की पुलिस अभियान चलाकर वाहनों की जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान रविंद्र नगर थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान देवरिया से अवैध तरीके से कुशीनगर लाए जा रहे सरकारी राशन से लदा एक डीसीएम पकड़ा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।घटना की जानकारी मिलते ही जिला पूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। रविंद्रनगर पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि सरकारी राशन को किस आधार पर और कहां खपाने के लिए देवरिया से कुशीनगर लाया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सरकारी राशन की कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट और उसके नेटवर्क पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। विभाग अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटा है। इस संबंध में डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय ने बताया कि देवरिया से आ रहा राशन लदा एक डीसीएम रविंद्रनग पुलिस ने पकड़ा है। उसकी जांच कराई जा रही है। संवाद