पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के मुख्य मार्ग के किनारों पर झाड़ियां उग आई हैं। दूर से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। राहगीरों को हर दिन छोटी-मोटी दुर्घटना का सामना करना पड़ता है। हालांकि पिछले सप्ताह दिशा की बैठक में डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को झाड़ियां कटवाने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पकड़ियार बाजार से रामकोला मार्ग के दोनों तरफ नरकट और सरपत की झाड़ियां उग गई है। इससे सड़क संकरी होने के साथ सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते हैं। सांई मंदिर टोला, चकचिंतामणी, पिपरा बुजुर्ग, बरवा बाजार और मोरवन के पास तो इतनी अधिक झाड़ियां उगी हैं, जिससे सड़क ढक गई है। चखनी भूमिहारीपट्टी से कुर्मीपट्टी होते हुए क्रांति चौराहा तक आने वाले सड़क पर कुर्मीपट्टी और चखनी टोले के पास नरकट से सड़क पूरी तरह ढक गई है। यहां अंधा मोड़ होने के चलते सामने से आने वाले वाहन दूर से दिखाई ही नहीं देते हैं। इसके चलते इस गांव के पास हर दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कलवारी पट्टी-टेढ़ी मार्ग पर कलवारी टोला, राजमन छपरा व टेढ़ी गांव के पास नरकट दोनों तरफ उगे हैं। कलवारी टोला के पुलिया के पास मार्ग घुमावदार और झाड़ी होने के चलते वहां राहगीरों को हमेशा बड़ा हादसा होने का अंदेशा रहता है। मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी से होकर नेपाल बॉर्डर तक बने इस मार्ग पर भी झाड़ियों ने राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे हैं। फुटपाथ झाड़ियों से ढक गए हैं। ओवरटेक करते समय सामने से दूसरा वाहन आने पर वाहन चालकों को परेशानी होती है। सबसे अधिक परेशानी रात के समय होती है। इन मार्गों से कई लिंक सड़क भी जुड़ी हुई हैं। उन सड़कों से आने वाले वाहन झाड़ियों के चलते नहीं दिखाई देते हैं। झाड़ियों के बीच से अचानक कोई जानवर आ जाए तो दुर्घटना होना तय है। क्षेत्र के लोगों ने मार्ग के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।
000000
सड़क के दोनों तरफ झाड़ियां होने से राहगीरों को हमेशा दुर्घटना का सामना करना पड़ रहा है। बड़े वाहन आने पर पास देने के लिए झाड़ियों में गाड़ी ले जानी पड़ती है। समय रहते इसकी सफाई नहीं कराईं गई तो किसी दिन बड़े हादसे हो सकते हैं। - जितेंद्र चौधरी, चरिघरवा।
0000000
सड़क के दोनों तरफ नरकट और सरपत उगने के चलते आने जाने में लोगों को असुविधा हो रही है। बरसात के मौसम होने से विषैले जंतु भी इसमें छिपे रहते हैं। वह भी हादसे की वजह बनते हैं। इसकी सफाई विभाग को करानी चाहिए। -पंकज कुमार, सिंदुरिया।
000000
मार्ग पर झाड़ियां हल्की सी बारिश में भी झुक कर आधे मार्ग पर आ जा रहीं हैं। उनके पत्तियों से आंख और चेहर चोटील हो जा रहे हैं। रास्ता मुड़ा होने पर अचानक से झाड़ियों के बीच वाहन दिखने पर संतुलन बिगड़ा जाने से हर रोज हादसे हो रहे हैं। -सोनू, पिपरा बुजुर्ग।