तमकुहीरोड। नरवाजोत से अहिरौलीदान के बीच पिपराघाट, जवही दयाल, मुसहर टोला, विरवट कोन्हवलिया, बाक खाश, नोनियापट्टी, बाघा चौर, कचहरी टोला गांव के सामने नदी का दबाव बना हुआ है। सबसे खराब हालत जवही दयाल से किमी 4.500 से विरवट कोन्हवलिया के किमी 7.000 (कट एंड वन से कट एंड टू के बीच) बना हुआ है। जहां कई छोटे ठोकर कटान के जद में हैं। वही गंडक नदी लगातार कटान कर रही है। इससे गन्ने और धान का फसल को नुकसान पहुंच रहा है। पिछले दिनों नदी एक ठोकर के नोज को क्षतिग्रस्त कर दिया था और ठोकर नंबर चार के पास बांध के स्लोप में घुस गई थी। बाढ़ खंड की ओर से बोल्डर की डंपिंग कर मरम्मत करा दी गई है।
बृहस्पतिवार को जब बांध के पास नदी कटान करने लगी तो बोल्डर से मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। लेकिन, अब भी कई ठोकरों पर दबाव है। गांव के सिंघलदीप सिंह, प्रदीप सिंह, संतोष शर्मा, गौतम सिंह, रोहित यादव, बीरबल शर्मा, मनीष सिंह, मुन्ना यादव, हरकेश कुशवाहा, राजू गुप्ता, भगत यादव आदि का कहना है कि कटान की जद में आ चुके ठोकरों व तटबंधों पर एक साथ बचाव कार्य जरूरी है। बाढ़ खंड विभाग के एसडीओ रमेश यादव का कहना है कि विभाग पर्याप्त संसाधन के साथ किसी प्रकार के खतरे के निपटने को तैयार है और तटबंधों के सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी की जा रही है।