तमकुहीराज। स्थानीय थाना क्षेत्र के तमकुही-अहिरौलीदान मार्ग पर चखनी खास बड़ी गंडक नहर से 100 मीटर आगे शनिवार की शाम बाइक की टक्कर से एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी तमकुही ले जाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। तरयाथाना क्षेत्र के अगरवा निवासी प्रभु गुप्ता (48) पुत्र मनिंदर गुप्ता घर से साइकिल लेकर किसी काम से चखनी खास जा रहे थे। अभी वह चखनी पहुंचे ही थे कि तमकुही से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद बाइक लेकर चालक भाग निकला। मेडिकल कॉलेज में घायल का उपचार चल रहा है।