पडरौना। रविंद्र नगर थाना क्षेत्र के सिसवा मठिया गांव में शनिवार को सुबह करंट की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। यह हादसा शादी के बाद टेंंट उतारते समय हुआ। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के देवरिया पांडेय गांव निवासी राहुल उर्फ मारकंडेय (19) टेंट हाउस में मजदूरी करता था। शुक्रवार को टेंट हाउस में काम करने के लिए घर से गांव के अपने दोस्त 20 वर्षीय मिथुन के साथ गया था। रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र के सिसवा मठिया गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में टेंट लगा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद शनिवार को सुबह टेंट समेट रहे थे। इस दौरान लोहे का पाइप उपर से गुजरे हाईटेंशन तार से टकरा गया और करंट उतर गया। काम कर रहे दोनों युवक इसकी चपेट में आकर अचेत होकर गिर गए और दरवाजे पर अफरा-तफरी मच गई।