बिहार के हरपुर मठिया गांव के पास एसएसबी के जवान पर पीछे से किया नुकीले हथियार से हमला
बाइक, मोबाइल और नकदी लूटकर भाग गया था हमलावर
रविवार की शाम को पुलिस ने लिया था हिरासत में, सोमवार की सुबह भाग निकला
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर/खड्डा। पड़ोसी प्रांत बिहार के रामनगर थाना क्षेत्र से दो दिन पहले एसएसबी के एक जवान को नुकीले हथियार से हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर बाइक, नकदी और मोबाइल लूटने वाला आरोपी सोमवार की भोर में हनुमानगंज थाने की पुलिस की अभिरक्षा से भाग निकला। पुलिस ने उसे रविवार की शाम को पकड़ा था। इस अपराधी के भागने के बाद से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसपी ने इसकी जांच खड्डा के सीओ को सौंपी है।
एसएसबी के एक जवान को बिहार प्रांत के राममगर थाना क्षेत्र में नशीली वस्तु से युक्त नुकीले हथियार से घोंपकर बेहोश करने के बाद एक अपराधी बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ले गया था। उसे कुशीनगर जनपद के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने पकड़ लिया था। उसे पूछताछ करने के लिए पुलिस ने हनुमानगंज थाने में अभिरक्षा में रखा था, लेकिन वह सोमवार की भोर में भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। सीओ खड्डा ने हनुमानगंज थाने की पुलिस की लापरवाही मानते हुए एसपी को रिपोर्ट भेज दी है।
ऐसे पकड़ा गया था लुटेरा
रविवार को बिहार के नंबर की बाइक से एक युवक हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा। कर्मचारियों से बताया कि उसे आकस्मिक पैसे की जरूरत आ गई है। मोबाइल बेचना है। तीन हजार रुपये दीजिए और ले लीजिए। कर्मचारी मोबाइल खरीद को लेकर सोच-विचार कर रहे थे, तभी मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। जब कर्मचारी ने फोन रिसीव किया तो पता चला कि यह मोबाइल महिला के भाई (एसएसबी) जवान का है।
इस जानकारी के बाद कर्मचारियों ने चुपके से हनुमानगंज पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस तुरंत हरकत में आई और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया युवक बिहार में एसएसबी के एक जवान पर जानलेवा हमला कर बेहोश करने के बाद लूटकर फरार हुआ है। इसके विरुद्ध बिहार के रामनगर थाने में केस दर्ज है।
हनुमानगंज पुलिस ने रामनगर थाने में पुलिस तथा लूट के शिकार एसएसबी जवान को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस की एक टीम व पीड़ित जवान हनुमानगंज थाने पहुंचे। एसएसबी जवान ने पकड़े गए युवक को लूट की घटना में शामिल होने की पुष्टि करते हुए पहचान लिया।
बिहार पुलिस ने हनुमानगंज पुलिस से वांछित को सौंप देने की मांग की, लेकिन यूपी पुलिस ने कुशीनगर क्षेत्र में पूर्व में हुईं घटनाओं की बाबत पूछताछ व जांच-पड़ताल करने की बात कहकर सौंपने से मना कर दिया।
हनुमानगंज पुलिस ने लूट की बाइक, मोबाइल तथा अन्य सामग्री भी बरामद की थी, लेकिन पकड़ा गया आरोपी पुलिस की अभिरक्षा से सोमवार की भोर में फरार हो गया। इसके बाद थाने में मानो भूचाल आ गया, जो जैसे था वैसे ही खोजबीन में दौड़ पड़ा। फिर भी सोमवार की शाम तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में शामिल अपराधी का नाम सुब्बू सांई है, जो बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मटियरिया थाना क्षेत्र के मेहनौल गांव का निवासी है।
खड्डा के सीओ ने कहा
खड्डा के सीओ संदीप वर्मा का कहना है कि बिहार में एसएसबी जवान के साथ हुई लूटपाट के मामले में शामिल संदिग्ध को हनुमानगंज पुलिस ने पकड़ा था। आज पता चला है कि वह फरार हो गया। इसकी जांच मेरी तरफ से की गई तो थाने से संदिग्ध के भाग जाने की बात सत्य पाई गई। दोषी पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए एसपी को संस्तुति पत्र भेज दिया गया है।
बिहार के रामनगर के डीएसपी बोले
रामनगर के पुलिस एसडीपीओ नंदजी का कहना है कि रामनगर क्षेत्र में एसएसबी जवान के साथ हुई लूट की घटना के बारे में पुलिस टीम गठित की गई है। यूपी के कुशीनगर जनपद के हनुमानगंज थाने की पुलिस की तरफ से उस लुटेरे को बाइक के साथ गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिली है। लुटेरे के भागने के संबंध में वहां की पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी ली जाएगी।
एसएसबी के जवान ने बयां की अपने साथ लूट की हकीकत
एसएसबी के 12वीं बटालियन (किशनगंज) में तैनात सिपाही जयहिंद मूल रूप से ग्राम गोइठही थाना मटियरिया जिला पश्चिमी चंपारण बिहार के निवासी हैं। जयहिंद इन दिनों छुट्टी पर घर आए हैं। नाना की मृत्यु होने पर माता-पिता को लेकर बाइक से वहां गए थे। दोनों को छोड़कर अकेले घर लौट रहे थे। जयहिंद ने बताया कि रास्ते में मेहनौल गांव के पास एक युवक खड़ा था। उसने लिफ्ट मांगी। मानवतावश उसे बाइक पर बैठा लिए। रामनगर थाना क्षेत्र में हरपुर मठिया गांव के पास रास्ते में सुनसान जगह पर पीछे बैठे युवक ने किसी नुकीले हथियार से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। सुई लगने जैसी चुभन महसूस हुई। जयहिंद ने बताया कि इसके बाद अचेत होकर गिर पड़े। तब बदमाश उनकी बाइक, मोबाइल, पैसे सहित पर्स, पहचान पत्र, एटीएम कार्ड और आयुष्मान कार्ड लेकर भाग गया।
राहगीरों ने अचेत पड़े हुए जयहिंद को अस्पताल पहुंचाया। वहां कई घंटे इलाज के बाद होश आया। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को हुई। इस घटना की सूचना रामनगर थाने को दी गई। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
एसएसबी जवान के मुताबिक हनुमानगंज थाने में मौजूद युवक ने ही ताबड़तोड़ हमला किया था और लूट लिया था। बाइक चलाने की वजह से अपना बचाव नहीं कर पाए।
पहले भी अभिरक्षा से भाग चुके हैं अपराधी
केस-एक
लघुशंका के बहाने पुलिसवालों को चकमा देकर अभिरक्षा से भाग गया था अपराधी
22 फरवरी 2023 को कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के लमकन निवासी अजय कुमार और जंगल लुअहठा के छोटू को पुलिस ने मारपीट के अलग-अलग मामलों में पकड़कर शांतिभंग की आशंका में पाबंद किया। अजय ने गांव के लोगों से विवाद किया था, जबकि छोटू पर अपने घर में मारपीट का आरोप था। इन दोनों को अलग-अलग बाइक से बैठाकर सिपाही व होमगार्ड एसडीएम की कोर्ट में पेश करने के लिए तमकुहीराज ले जा रहे थे। वे पडरौना-तमकुहीरोड मार्ग पर भगवानपुर गांव के पास पहुंचे। तभी अजय ने लघुशंका करने की बात कही। सिपाहियों ने बाइक रोक दी। इसके बाद मौका देखकर छोटू गन्ने के खेत में भाग गया। पुलिसकर्मी उसकी तलाश करते रह गए।
केस-दो
हथकड़ी सहित पुलिस लॉकअप से भाग गए थे दो आरोपी
चार सितंबर 2020 को बरवापट्टी थाने के लॉकअप से दो आरोपी हथकड़ी सहित फरार हो गए थे। दरअसल, हुआ यह था कि रामपुर जमुनिया स्थित नागेश्वर जूनियर हाईस्कूल में दो सितंबर की रात चोरी हुई थी। शोर मचने पर गांव के लोगों ने चोरी के सिलिंडर के साथ दो चोरों को पकड़ा था। उनका नाम दिलीप और विकास था, जो पांडेयपट्टी गांव के निवासी थे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। उन दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। पुलिस उन्हें हथकड़ी लगाकर थाने ले गई थी, जहां से रात में दोनों फरार हो गए थे।
एसपी ने कहा
हनुमानगंज थाने से एक अपराधी के भागने की जानकारी हुई है। इसकी जांच खड्डा के सीओ को सौंपी गई है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा भागे हुए अपराधी की तलाश भी चल रही है।
-धवल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक कुशीनगर