बारिश के दौरान मंगलवार दोपहर तीन स्थानों पर बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि दस लोग झुलस गए। खड्डा तहसील क्षेत्र के गांव पड़री मेहदिया निवासी दुर्गेश का एक खेत बगल के गांव सेखुई के सरेह में है। मंगलवार की दोपहर में सेखुई वाले खेत में धान की रोपाई हो रही थी। हल्की बरसात के बीच पड़री मेंहदिया गांव की सुमन (28) पत्नी सुरेश, चोचवा देवी पत्नी चंद्रिका (55) जानकी देवी पत्नी अमेरिका (45), नसीबुन पत्नी सहाबुद्दीन (38), मीरा पत्नी नवमी (35) एवं रामप्रीत पुत्र सहदेव (60) रोपाई कार्य में लगे थे।
अचानक तेज आवाज के साथ इसी खेत में बिजली गिरी। तेज चमक और आवाज से दूसरे खेतों में काम कर रहे लोग भी सहम गए। कुछ क्षण बाद जब स्थिति सामान्य हुई तो लोगों ने देखा कि दुर्गेश के खेत में काम कर रहे मजदूर गिरकर तड़प रहे हैं। लोग पहुंचे और सभी छह मजदूरों को उठाकर बाहर ले आए। इसमें सुमन पत्नी सुरेश की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर पहुंचे लोगों ने झलसे पांच मजदूरों को इलाज के लिए कोटवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी के डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जानकारी पर खड्डा के तहसीलदार पवन जायसवाल, कानूनगो प्रहलाद यादव, लेखपाल मैनेजर, हरिओम पटेल, पड़री मेंहदिया के ग्राम प्रधान ईश्वर सिंह, नेबुआ नौरंगिया एसओ शैलेष सिंह आदि मौके पर पहुंचे। तहसील प्रशासन ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वहीं रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही गांव के धोबिया टोला निवासी कपिल (45) पुत्र बेलास, आशीष (18) पुत्र छोटेलाल व राधिका (15) पुत्री रामनयन मंगलवार की दोपहर में बारिश के दौरान एक मकान में बैठे हुए थे। उसी मकान पर बिजली गिरने से तीनों उसकी चपेट में आ गए। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बीएन साहनी ने झुलसे कपिल व आशीष को इलाज के लिए कप्तानगंज सीएचसी भिजवाया, जबकि आंशिक रूप से झुलसी राधिका का एक स्थानीय चिकित्सक इलाज कर रहे हैं।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव पिपरासी में धान की रोपाई कर रहीं मुर्तुजा की पुत्री शहीना खातून(18) व अनीश की पुत्री शहीदना (16) मंगलवार दोपहर बारिश से बचने के लिए शीशम के पेड़ के नीचे छिप गईं। अचानक बिजली पेड़ पर गिरी, जिससे दोनों बुरी तरह झुलस र्गइं। चीख सुनकर खेतों में कार्य कर रहे अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और घर वालों को सूचना दी। घर के लोग इन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गये। दोनों का इलाज चल रहा है। वही रामकोला के ग्राम मांडेय राय में बिजली गिरने से दीपनरायन यादव के गोवंशीय पशु की मौत हो गई।