रामकोला/लक्ष्मीगंज। रामकोला थाना क्षेत्र के पिपरा खुर्द गांव में रविवार की सुबह गन्ने के खेत में एक महिला का शव मिला। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष थी। महिला के गले और सिर पर चोट के निशान दिख रहे हैं। पुलिस ने पंचनामा बनवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
हरपुर माफी गांव के कुंवर छपरा टोला निवासी हरिओम चौरसिया का खेत सटे गांव पिपरा खुर्द के सरेह में है। रविवार की सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की तरफ गए हुए थे। उनकी नजर हरिओम चौरसिया के गन्ने के खेत में पड़ी लाश पर गई। इन लोगों ने शोर मचाया तो गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। शव एक महिला की थी, जिसके गले और सिर पर चोट के निशान दिख रहे थे। खबर पाकर रामकोला पुलिस भी मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। इस संबंध में एसओ श्यामलाल यादव ने बताया कि शव के शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई होगी।