तुर्कपट्टी। थानाक्षेत्र के दोघरा गांव में तिलक चढ़ा रहे तिलकहरू के सामने ही चार बच्चों की एक मां ने युवक को पति बताकर हंगामा कर दिया दिया। तिलक चढ़ाने की रस्म रोक दी गई।
महिला ने जब अपने नाम की गई युवक की संपत्ति के कागजात दिखाए तो तिलकहरू बिना तिलक चढ़ाए वापस लौट गए। दुदही क्षेत्र के दोघरा गांव में कसया के मल्लूडीह से तिलक आई थी। जलपान के बाद जैसे ही तिलक चढ़ाने की रस्म शुरू हुई, युवक की एक सजातीय पड़ोसन वहां पहुंच गई।
वह युवक को अपना पति बताते हुए हंगामा करने लगी। महिला ने जब युवक की तरफ से उसके नाम की गई संपत्ति का दस्तावेज दिखाया तो वहां मौजूद लोग चौंक गए। तिलक चढ़ाने आए वधू पक्ष और वर पक्ष के बीच कहासुनी होने लगी।
गांव के लोगों ने बीच बचाव कर दोनों पक्षों को शांत किया। उसके बाद रात में ही तिलकहरू तिलक का सामान समेटकर वापस चले गए। बृहस्पतिवार को भी क्षेत्र में इसकी चर्चा जोरों पर रही।